Jul 22, 2026

एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, जीते महत्वपूर्ण पदक

post-img

देहरादून। उत्तराखंड की बेटियां अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर लगातार सफलता के नए मुकाम हासिल कर रही हैं। पिथौरागढ़ की तीन महिला मुक्केबाजों ने अपनी दमदार प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन से देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में तीनों खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों को भी सम्मानित करते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटियां आज खेलों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और राज्य सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सम्मानित होने वाली खिलाड़ियों में निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इनके साथ प्रशिक्षक बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित किया तथा भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में 3 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पिथौरागढ़ की होनहार मुक्केबाज निकिता चंद ने 60 किलोग्राम भार वर्ग तथा काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का तिरंगा बुलंद कर उत्तराखंड को नई पहचान दिलाई। निकिता चंद की उपलब्धियां पहले भी देश का गौरव बढ़ा चुकी हैं। पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव की रहने वाली निकिता वर्ष 2021, 2022 और 2023 में एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। वर्तमान में वह अपने प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और भास्कर भट्ट के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन ने उन्हें उत्तराखंड की सबसे सफल महिला मुक्केबाजों में शामिल कर दिया है। वहीं, मुनस्यारी के भदेली गांव की रहने वाली काजल फर्स्वाण ने भी कठिन संघर्ष और निरंतर मेहनत के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने प्रारंभिक प्रशिक्षण पिथौरागढ़ स्थित महिला आवासीय छात्रावास में प्राप्त किया। इसके बाद स्मॉल खेलो इंडिया सेंटर में कोच निखिल महर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। वर्तमान में वह पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में अभ्यास कर रही हैं। काजल इससे पहले अंडर-19 एशियन चैंपियनशिप, अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप और 38वें राष्ट्रीय खेल-2025 में भी पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। इसी क्रम में पिथौरागढ़ की एक और उभरती हुई स्टार मुक्केबाज आरती धारियाल ने रोमानिया में 12 से 16 जुलाई 2026 तक आयोजित प्रतिष्ठित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। गौड़ीहाट निवासी आरती वर्ष 2024 और 2025 की एलीट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। वह भी वर्तमान में राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप, पटियाला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षकों की मेहनत और परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए खेल अवस्थापना का विस्तार किया जा रहा है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल जैसी खिलाड़ी आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पदक जीतकर उत्तराखंड और भारत का गौरव बढ़ाएंगी तथा प्रदेश की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेंगी।