देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों के लिए 19 से 23 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए देहरादून, नैनीताल, चम्पावत और टिहरी में 20 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 जुलाई को देहरादून, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, टिहरी, उत्तरकाशी, हरिद्वार, पौड़ी और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पूर्वानुमान के अनुसार 21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिलों में भारी वर्षा का खतरा बना रहेगा। वहीं 22 और 23 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जैसे पर्वतीय जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और नदी-नालों के उफान पर आने का खतरा भी बना रहेगा। लगातार हो रही बारिश का असर राज्य के कई पर्वतीय इलाकों में दिखाई देने लगा है। विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन की घटनाओं के कारण सड़कें बाधित हुई हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, नदी-नालों के किनारे जाने से बचने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है। साथ ही सभी संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Trending
NEET विवाद को लेकर उत्तराखंड में सियासी टकराव तेज, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
अहमदाबाद में NEET विवाद को लेकर प्रदर्शन, करीब 150 लोग हिरासत में लिए गए
विकासनगर में महिला से जुड़ी सनसनीखेज वारदात, जांच में जुटी पुलिस
सीएम धामी ने हरिद्वार को वैश्विक धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाने का विकास खाका पेश किया
रुड़की फायर हादसाः आग की लपटों में घिरी कार, यात्रियों ने सुरक्षित निकलकर बचाई जान
सरकार ने NEET पर बहस की तैयारी जताई, कांग्रेस ने केंद्र से और जवाबदेही की मांग की
उत्तराखण्ड धारचूला न्यूज: सामरिक मार्ग पर गिरी पहाड़ की विशाल चट्टान
सोनम वांगचुक हेल्थ केस में कोर्ट ने तत्काल अस्पताल शिफ्ट करने का निर्देश दिया